फतेहाबाद। टोहाना में व्यापारी पर जानलेवा हमला करने के मुख्य आरोपी होशियार उर्फ होशियारा को पुलिस ने सोमवार को पंजाब के मुनक से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे मोबाइल की लोकेशन के आधार पर काबू किया। इस मामले में पुलिस अब तक 7 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
17 मई को व्यापारी दिनेश्वर खुराना को हिसार तिराहे पर कुछ बदमाशाें ने पकड़कर इतनी बुरी तरह पीटा था कि व्यापारी के शरीर में 17 फैक्चर आए थे। पुलिस ने व्यापारी की शिकायत पर होशियार उर्फ होशियारा सहित 8-10 लोगाें पर हत्या प्रयास का मामला दर्ज किया। आरोपियाें की गिरफ्तारी न होने से गुस्साए व्यापारियाें ने 19 मई को रोड जाम कर दिया था और 28 मई को टोहाना बंद रख पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया था। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और छह आरोपियों को पकड़ लिया गया। लेकिन मुख्य आरोपी पुलिस की पहुंच से दूर था। पुलिस ने सोमवार को पंजाब के मुनक से उसे भी गिरफ्तार कर लिया है। दो जून के अंक में अमर उजाला ने ‘कॉल डिटेल के आधार पर चला मुख्यारोपी का पता’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था।