फतेहाबाद। रतिया में एक व्यक्ति लॉटरी के नाम पर महिला से दो साल तक रुपये ऐंठता रहा और बाद में बीच में ही लॉटरी बंद कर दी। जब महिला ने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। महिला ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। चौकी प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि जांच के बाद आरोपी पर मामला दर्ज किया जाएगा।
और पढ़ें
पुलिस को दी शिकायत में प्रियंका ने बताया कि जनवरी 2010 में गांव बलियाला निवासी लॉटरी संचालक अशोक कुमार उसके घर आया और बताया कि उसने एक नई लॉटरी शुरू की है। लॉटरी 36 महीने की है। इसमें हर माह हजार रुपये जमा करवाने होंगे। प्रत्येक माह एक लक्की ड्रा निकाला जाएगा और मोटरसाइकिल व अन्य इनाम निकाले जाएंगे। 36 माह बाद लॉटरी पूरी होने पर पूरी नगदी के साथ चांदी का सिक्का दिया जाएगा। प्रियंका ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 25 माह तक पूरी किश्तें भरी, परंतु इसके बाद संचालक अशोक कुमार उससे किश्त लेने नहीं आया। कई बार कहने पर भी अशोक कुमार ने जवाब नहीं दिया। चार मई 2012 के बाद उसने लॉटरी बंद कर दी। जब उन्होंने अशोक कुमार से 15 जून को लॉटरी के पैसे वापस देने को कहा तो अशोक कुमार ने पैसे देने से इंकार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। शहर चौकी प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि अशोक कुमार को बुलाकर जांच शुरू कर दी है। उससे लॉटरी से संबंधित दस्तावेज भी मांगे गए हैे।