जींद। नगूरां के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयरन की गोलियां खाने से 27 और छात्राओं की तबीयत खराब हुई। उनको बुधवार को जींद के सिविल अस्पताल लाए। बुधवार को 27 छात्राओं ने पेटदर्द की शिकायत की। इस पर शिक्षक और परिजन छात्राओं को जींद के सिविल अस्पताल में ले गए। बुधवार को कंडेला सीएचसी के एसएमओ डॉ. प्रेम गुप्ता की टीम ने नगूरां के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पहुंचकर मंगलवार को हुई बीमार लड़कियों के स्वास्थ्य को जांचा। शिक्षा विभाग की तरफ से जिला शिक्षा अधिकारी दिलबाग सिंह मलिक जब स्कूल पहुंचे तो ग्रामीणों ने पूरी स्थिति के बारे में अधिकारियों को अवगत कराया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रिंसिपल ने एक घंटे बाद बीमार लड़कियों को अस्पताल में पहुंचाया। जिला शिक्षा अधिकारी दिलबाग सिंह मलिक और खंड मौलिक शिक्षा अधिकारी सुदेश सिवाच ने सभी कक्षाओं में जाकर छात्राओं से स्वास्थ्य के बारे में पूछा।