नाथूसरी चोपटा (सिरसा)। शक्करमंदौरी गांव से पैदल तीन किलोमीटर की दूरी तय कर शाहपुरिया में पढ़ने के लिए आने वाले विद्यार्थियों की परेशानियों को देखते हुए सोमवार को ग्रामीण बिफर पड़े। प्रदर्शन के बाद उन्होंने स्कूल के द्वार पर ताला जड़ दिया।
शक्करमंदौरी के राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को दूसरे दिन प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने बताया कि गांव में केवल आठवीं कक्षा तक की पढ़ाई की सुविधा है। आगे की पढ़ाई करने के लिए उन्हें करीब तीन किलीमीटर दूर पैदल शाहपुरिया गांव के स्कूल में जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल को अपग्रेड करवाने की मांग पिछले कई वर्षों से चली आ रही है, लेकिन मौजूदा सरकार और प्रशासन ध्यान नहीं दे रहे। छोटूराम, नर सिंह सहारण, मनवीर कासनियां, विनोद कुमार, सतबीर सहारण, सरोज कासनियां, पंच बिरमा देवी, शास्त्री, प्रोमिला, प्रीति शर्मा, कविता, सोनू ने बताया कि वे दो दिनों से धरना और नारेबाजी कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई उनकी मांग सुनने को तैयार नहीं है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर स्कूल अपग्रेड नहीं किया गया तो वे स्कूल का ताला नहीं खोलेंगे।