कुरुक्षेत्र। राज्यसभा सदस्य ईश्वर सिंह ने कहा कि जिला में अंतरराष्ट्रीय स्तर के बैडमिंटन खिलाड़ी तैयार करने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस बैडमिंटन हाल का निर्माण किया गया है। पूरी दुनिया में बैडमिंटन खेल का परचम लहराने के बाद अब यहां के खिलाड़ी भी प्रदेश का नाम पूरे विश्व में चमकाएंगे। सुविधाओं के लिए कभी धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। ईश्वर सिंह बुधवार देर शाम द्रोणाचार्य स्टेडियम के पास बैडमिंटन हाल का उद्घाटन करने के बाद खिलाड़ियों के बीच बोल रहे थे। इस हाल के निर्माण कार्य के लिए सांसद ईश्वर सिंह ने 10 लाख रुपये की अनुदान राशि दी थी। इस हाल में अंतरराष्ट्रीय स्तर के तीन सिंथेटिक कोर्ट बनाए गए हैं। इसके अलावा प्रशासन ने इस हाल में अन्य सुविधाएं पर डी प्लान के तहत 14 लाख रुपये की राशि खर्च की है। राज्यसभा सदस्य ईश्वर सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों को हर प्रकार की सुविधाएं मुहैया करवाई जाएगी। इसके पश्चात राज्यसभा सदस्य ने पटवार भवन में पटवारियों, कानूनगो और सरपंचों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पटवारियों का समाज में अहम योगदान रहता है। इन लोगों पर समाज की पूरी जिम्मेवारी रहती है। पटवारी समाज से सीधा जुड़ा होता है। इसलिए समाज को नई दिशा देने के लिए पटवारियों को हमेशा प्रयासरत रहना चाहिए। उन्होंने पटवार भवन के लिए सात लाख रुपये देने की घोषणा की। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त सुमेधा कटारिया, एसडीएम सतबीर कुंडू ने विचार व्यक्त किए। इस मौके पर डीएसओ मनजीत सिंह, डीईओ सुदेश मदान, कृपाल सिंह, जगत राम, पटवार एसोसिएशन के प्रधान कुलदीप सिंह, लखविंदर सिंह, जसबीर सिंह, सरपंच सोहनलाल सैणी, कोट एसएस राणा, टेकसिंह, सतपाल सिंह, सुदेशलाल सिंह मोर, गुरविंद्र सिंह, यशवीर सिंह रावत और अन्य अधिकारी मौजूद थे।