कुरुक्षेत्र। हरियाणा टूरिज्म विभाग ने पौराणिक तीर्थ सन्निहित सरोवर पर मार्बल और धौलपुरी पत्थर से सौंदर्यीकरण शुरू कर दिया है। आगामी चार माह में तीर्थ की सीढ़ियों पर सफेद मार्बल लगाया जाएगा, तो करीब दो लाख स्क्वेयर फुट परिक्रमा पर लाल रंग का धौलपुरी पत्थर लगाया जाएगा। हरियाणा टूरिज्म विभाग ने इसके लिए कार्य शुरू कर दिया है। सन्निहित सरोवर तीर्थ पर पहले लगे पत्थर को उखाड़ दिया गया है और उसके स्थान पर लेवल बनाकर इन पत्थरों को लगाने का कार्य शुरू कर दिया है। कुरुक्षेत्र वासी दुष्यंत बख्शी ने बताया कि सन्निहित सरोवर पर पहले काफी गंदगी रहती थी, लेकिन जो मुहिम हरियाणा टूरिज्म विभाग ने छेड़ी है और सरोवर के चारों तरफ दो रंग के पत्थरों को लगाया जा रहा है, इससे तीर्थ सौंदर्य को चार चांद लग जाएंगे। बख्शी के अनुसार इससे पहले भी केडीबी ने सरोवर के पानी को साफ करने के लिए इसमें फिल्टर लगाए हुए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को भी नहाने में कोई दिक्कत नहीं आती और अब हरियाणा टूरिज्म ने इसके सौंदर्य का बीड़ा उठाया है उससे कुरुक्षेत्रवासियों के साथ-साथ दूरदराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए काफी फायदेमंद होगा। सरोवर पर काम कर रहे ठेकेदार राम खिलाड़ी ने बताया कि उसने 2 लाख स्क्वेयर फुट पर पत्थर लगाने का ठेका 9 रुपये प्रति फुट लिया है। इस कार्य में 15 मिस्त्री और 15 मजदूर लगे हुए हैं, जो आगामी चार-पांच माह में पूरे सरोवर पर पत्थर लगा देंगे।
सरोवर के साथ भव्य रूप से बनाया जाएगा मेन द्वार
हरियाणा टूरिज्म के एसडीओ गिरिराज ने बताया कि इस कार्य के लिए डेढ़ करोड़ का बजट तय निर्धारित किया गया है, जिसमें सरोवर के चारों तरफ मार्बल और धौलपुरी पत्थर लगाया जाएगा। इसके साथ सरोवर का भव्य द्वार भी बनाया जाएगा। सरोवर पर अभी और भी काफी सौंदर्य के लिए कार्य करने हैं, जिसके बजट के लिए फाइल उच्चाधिकारियों के पास गई हुई है।