गुहला-चीका। गांव पीड़ल में बुधवार सुबह स्कूल जा रही दो छात्राओं पर मोटरसाइकिल सवार दो नकाबपोश युवकों ने गोलियां बरसा दीं। इसमें आठवीं कक्षा की छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बारहवीं की छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे पटियाला के राजेंद्रा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वही पुलिस ने 13 घंटे बाद ही मामले को सुलझाने का दावा करते हुए कहा कि छात्रा की हत्या उसके ही चचेरे भाई जगदेव ने की है। पुलिस ने जगदेव का साथ देने वाले गांव पीड़ल के ही एक युवक संदीप को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब जगदेव की तलाश कर रही है।
गांव पीड़ल की दो छात्राएं निशा और अमनदीप सुबह गांव स्थित शांति निकेतन पब्लिक स्कूल जाने के लिए निकलीं। स्कूल के पास पहले से ही घात लगाकर बैठे हमलावरों ने छात्राओं पर चार गोलियां दाग दीं। आठवीं कक्षा की शिखा नामक छात्रा को कंधे और पेट में गोली लगी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी छात्रा अमनदीप को गोली बाजू में लगी, जो गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात को अंजाम देकर युवक गांव थेहनेवल की ओर फरार हो गए।
भड़के ग्रामीणों ने किया कैथल-पटियाला हाईवे जाम :
घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीण घरों से बाहर निकले और घायल लड़की को तुरंत अस्पताल ले गए। इसके बाद गांव में रोष फैल गया और पूरा गांव एकत्रित होकर मृतक छात्रा के शव के साथ कैथल-पटियाला मार्ग पर पहुंच गया। जहां करीब साढ़े आठ बजे ही लोगों ने जाम लगा दिया। सैकड़ों गुस्साए ग्रामीण हत्या के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। छह घंटे लगे जाम से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जाम में फंसे लोगों को कई घंटों तक वाहनों में ही बैठकर समय व्यतीत करना पड़ा। प्रशासनिक अधिकारी दल बल समेत मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत करने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों का गुस्सा इतना था कि उन्होंने किसी की एक न सुनी और हमलावरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग पर अडे़ रहे। आसपास के थानों के एसएचओ सहित डीएसपी गुहला सत्यवीर सिंह, एसडीएम गुहला अरविंद शर्मा, एसपी कैथल कुलदीप सिंह यादव और एडीसी दिनेश सिंह यादव मौके पर पहुंचे। ढाई बजे लोगों को अधिकारियों ने 24 घंटों में गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, तब जाकर लोगों ने जाम खोला और मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया।
बाइक पर लिखे शब्द से सुलझा मामला:
पुलिस ने मोटरसाइकिल पर लिखे एक शब्द से मामले का खुलासा कर दिया। एसपी कुलदीप सिंह यादव ने बताया कि बाइक पर लिखे एक शब्द के आधार पर शुरू की गई। जांच में पुलिस ने गांव पीड़ल के ही निवासी संदीप कुमार को गिरफ्तार किया। कड़ी पूछताछ करने पर संदीप ने खुलासा किया कि मारी गई लड़की शिखा के ताऊ के बेटे जगदेव ने उससे उसकी बाइक मांगी थी। जगदेव ने ही दोनों छात्राओं पर गोली चलाई है। पुलिस अभी जगदेव की तलाश कर रही है।