इंद्री। करनाल-यमुनानगर स्टेट हाईवे पर जनेसरो के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार कांस्टेबल की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया है।
इंद्री पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार जिला कुरुक्षेत्र के गांव धनौरा जागीर निवासी 30 वर्षीय राकेश कुमार पुलिस विभाग में बतौर कांस्टेबल कार्यरत था। कुछ दिन पूर्व ही राकेश का सोनीपत से कुरुक्षेत्र ट्रांसफर किया गया था। फिलहाल वह ज्वाइनिंग टाइम पर था। रविवार को किसी निजी काम से बाइक पर सवार होकर वह करनाल आया हुआ था। देर रात लौटते समय गांव जनेसरो के समीप अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को चपेट में ले लिया।
इससे राकेश बुरी तरह जख्मी हो गया और मौके पर ही दम तोड़ गया। पुलिस की मदद से उसे ट्रामा सेंटर लाया गया जहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया। इंद्री पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।