करनाल। अब मौसम ने भी पूरी करवट बदल ली। अधिकतम और न्यूनतम तापमान के साथ नमी और वाष्पदाब भी बढ़ गया है। इसके साथ ही धूंध ने भी दस्तक दे दी है। सोमवार को सीजन की पहली धूंध करनाल में दिखी। हालांकि विजिवलिटी काफी अधिक रही, आने वाले दिनों में यह लोगों को परेशान करेगी।
वैज्ञानिक के अनुसार मौसम में पूरा बदलाव होने की प्रबल संभावना बनी है। विशेषज्ञों की मानें तो अगले 24 घंटे में मौसम खराब हो सकता है। आसमान में बादल तो छाए हैं, लेकिन इसके साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी होने की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री दर्ज किया गया था, जो सोमवार को बढ़कर 25.4 हो गया है।
ऐसे ही न्यूनतम तापमान रविवार को 7.2 डिग्री दर्ज किया गया था, जो बढ़कर 7.6 डिग्री हो गया है। सुबह के समय नमी रविवार को 80 प्रतिशत थी, जो बढ़कर सोमवार को 100 प्रतिशत हो गई। वाष्प दाब रविवार को सुबह के समय 7.8 एमएम और शाम को 7.5 एमएम दर्ज किया गया था, जो सोमवार को बढ़कर सुबह के समय 8.9 एमएम तथा शाम को 8.7 एमएम हो गया। दूसरी ओर हवा की स्पीड रविवार को 5.6 किलोमीटर प्रतिघंटा से घटकर मात्र 2.5 किलोमीटर प्रतिघंटा रह गई।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस वर्ष दिसंबर के महीने में पहली बार धूंध गिरी। इसमें विजीबिलिटी भी सामान्य से घटकर मात्र कर 500 मीटर दर्ज रही। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दर्ज किए गए आंकड़ों पर ध्यान केंद्रित किया जाए तो अगले 24 घंटे में मौसम खराब होने के पूरे आसार बने हैं। कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम में ठंड भी बढे़गी। सोमवार को भी कहीं-कहीं आसमान में बादल दिखाई दिए है। यह आसमान में और गहरे हो सकते हैं।