कैथल। आरकेएसडी कॉलेज में सोमवार को एमए हिंदी अंतिम वर्ष की परीक्षा देने के लिए आए विद्यार्थियों को उस मायूसी हाथ लगी, जब उन्हें पता चला कि परीक्षा रविवार को ही ले ली गई। यह सूचना मिलते ही विद्यार्थी हैरान रह गए। परीक्षा न होने से गुस्साए विद्यार्थियाें ने एकत्रित होकर रोष प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की मांग है कि यह परीक्षा दोबारा ली जाए।
आरकेएसडी कॉलेज में सोमवार को एमए हिंदी के अंतिम वर्ष के विद्यार्थी परीक्षा देने के लिए पहुंचे तो परीक्षा केंद्र में जाते ही विद्यार्थियों को जानकारी मिली कि उनकी परीक्षा रविवार को हो चुकी है। कॉलेज के परीक्षा केंद्र में परीक्षा देने पहुंचे विद्यार्थी पंकज, रणदीप, राजीव, राकेश, सुखविंद्र, कृष्ण, दिनेश, विकास, मनदीप, विरेंद्र कुमार, सतीश कुमार, चंद्रशेखर, सोनिया, मीना, मुकेश, रीना, अमनदीप, कुलदीप ने बताया कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा जारी डेट शीट के अनुसार वे सोमवार को एमए हिंदी अंतिम वर्ष के काव्य शास्त्र एवं साहित्य लोचन विषय की परीक्षा देने के लिए आए। परीक्षा केंद्र में पहुंचने के बाद सुपरिंटेंडेंट ने सूचना दी कि उनकी इस विषय की परीक्षा डेट शीट के अनुसार 16 दिसंबर को हो चुकी है। यह सुनते ही विद्यार्थियों ने परीक्षा केंद्र में रोष प्रकट करना आरंभ कर दिया। विद्यार्थियों ने बताया कि आज तक कभी भी विश्वविद्यालय ने रविवार को परीक्षा नहीं ली है। अगर विश्वविद्यालय डेट शीट में फेरबदल हुआ है तो कॉलेज प्रशासन को इसे पहले ही सार्वजनिक करना चाहिए था, ताकि विद्यार्थियों को इसकी सूचना मिल सके। विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय वि कॉलेज प्रशासन के प्रति रोष प्रकट करते हुए कहा कि कॉलेज प्रशासन व विश्वविद्यालय की गलतियों का खामियाजा विद्यार्थियों को उठाना पड़ रहा है। रविवार को अधिकतर विद्यार्थी आईबीपीएस की परीक्षा देने के लिए गए थे। कॉलेज के करीब 45 विद्यार्थियों में सूचना न मिलने के कारण 20 विद्यार्थी ही परीक्षा में पहुंच पाए थे। विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय से मांग की कि काव्य शास्त्र एवं साहित्य लोचन की परीक्षा दोबारा आयोजित की जाए, ताकि विद्यार्थियों को इसका नुकसान न उठाना पड़े।
कोट
परीक्षा केंद्र अधीक्षक नरेश पाल ने बताया कि उनको 15 दिसंबर शनिवार सुबह जानकारी मिली थी कि कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की डेट शीट में फेरबदल के कारण 16 दिसंबर रविवार को परीक्षा का आयोजन किया जाना है। उन्होंने इसके बारे में सुबह ही कॉलेज के प्राचार्या व हेड क्लर्क को सूचित कर दिया था कि विद्यार्थियों को फोन के माध्यम या एसएमएस के माध्यम से परीक्षा के बारे में सूचित करें, लेकिन रविवार को परीक्षा में विद्यार्थियों की संख्या काफी कम रही है। विद्यार्थियों की समस्या के बारे में परीक्षा नियंत्रक को भेज दिया गया है। अगली कार्रवाई विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने करनी है।
कोट
कॉलेज के प्राचार्य डा. एसके गर्ग ने बताया कि उन्होंने पहली बार ऐसा देखा है। हमेशा पेपर की डेट आगे बढ़ाई गई है, लेकिन पहली बार पेपर की तारीख को एक दिन पीछे किया गया है। एक दिन में सभी विद्यार्थियों को फोन व अन्य उपकरणों से सूचना देना संभव नहीं है।
कोट
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक हुकम चंद रंगा ने बताया कि उन्हें अब तक इसके बारे में जानकारी नहीं है। अगर कॉलेज में सूचना मिल गई थी तो कॉलेज के प्राचार्य की ड्यूटी बनती है कि विद्यार्थियों को सूचना दें। मामले की जांच करवाई जाएगी कि किस कारण विद्यार्थी परीक्षा देने से वंचित रहे हैं। इसके बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा।