इंद्री(करनाल)। उपमंडल के पास एक गांव में 10 वीं कक्षा की छात्रा के साथ सामूहिक दुराचार का मामला सामने आया है। मामला करीब एक सप्ताह पूर्व का बताया जा रहा है। छात्रा ने इससे पूर्व तीन युवकों पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया था, परंतु सोमवार को छात्रा ने पुलिस को आरोपियों द्वारा दुराचार करने की शिकायत दी। पुलिस ने लड़की के बयान दर्ज कर मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा है। पुलिस के अनुसार आरोपी फिलहाल फरार है।
10 वीं कक्षा की छात्रा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गांव से स्कूल में जा रही थी तभी गांव के तीन युवकाें ने बहला-फुसलाकर उसे कार में बैठा लिया और पानीपत ले गए। पानीपत ले जाकर एक युवक ने उसके साथ दुराचार किया जबकि दो युवकाें ने उसका सहयोग किया। इतना ही नहीं इसके बाद इन युवकाें ने उसे डराया धमकाया और इसके बारे में किसी से कहने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
छात्रा ने बदला बयान : थाना प्रभारी
थाना प्रभारी दीपेंद्र राणा ने बताया कि छात्रा ने करीब एक सप्ताह पूर्व गांव के ही तीन युवकाें के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दी थी। पुलिस ने इनके खिलाफ मामला भी दर्ज किया था, परंतु छात्रा ने सोमवार को बयान बदलते हुए दुराचार करने की बात कही है। मामले पर तुरंत संज्ञान लेते हुए छात्रा को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर ही मामला दर्ज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।