कुरुक्षेत्र। एक ओर जहां जिले के सरकारी अस्पतालों में डाक्टरों की कमी के कारण स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं, वहीं दूसरी ओर सांसद नवीन जिंदल अपने निजी प्रयासों से धर्मनगरी के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने में जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में सांसद द्वारा 17 फरवरी को कुुरुक्षेत्र के शाहाबाद में एक विशाल स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जाएगा जिसमें कैंसर मरीजों का उपचार और विकलांगों को मुफ्त कृत्रिम अंग प्रदान किए जाएंगे। अभियान में कैंसर की रोकथाम में जुटी विश्वस्तरीय संस्था रोको के विशेषज्ञ भी पहुंचेंगे। इसके अलावा विकलांगों को मुफ्त कृत्रिम अंगदान मुफ्त उपलब्ध करवाए जाएंगे। अग्रोहा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के दो सौ से ज्यादा मेडिकल और पैरा मेडिकल विशेषज्ञों की टीम पूरे दिन मरीजों की जांच करेगी। खास बात यह है कि जिन लोगों की रिपोर्ट यहां पर तैयार नहीं होगी उन लोगों की रिपोर्ट डाक द्वारा भेजी जाएगी।
यहां होगा आयोजन
स्वास्थ्य मेला आर्य कन्या विद्यालय में 17 फरवरी को सुबह 10:00 से लेकर शाम 4:00 बजे तक लगेगा। इसमें 200 से ज्यादा मेडिकल और पैरा मेडिकल विशेषज्ञों की टीम मरीजों की जांच करेगी। हेल्थ मेले में त्वचा, मानसिक रोग, नेत्ररोग, हड्डी रोग, फिजियोथैरेपी समेत लगभग सभी रोगों के विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे। इसमें रक्त जांच और ईसीजी सहित लगभग सभी तरह की जांच सुविधा रहेगी ताकि मरीजों का ठीक ढंग से इलाज किया जा सके।
रोको संस्था करेगी सहयोग
दुनिया भर में कैंसर की रोकथाम में जुटी ब्रिटेन की संस्था रोको शिविर में अपना महत्वपूर्ण योगदान देगी। राजस्थान की जयपुर फ्रूट नामक संस्था भी लोगों की जांच कर उन्हें कृत्रिम अंग प्रदान करेगी। इसके बाद यह कार्यक्रम 23 फरवरी को कैथल में भी होगा।
वरदान साबित होगा शिविर
संस्थान की अधिकारी शिवानी नारायण ने सोमवार को इसके लिए विभिन्न गांवों में सरपंचों और ग्रामीण की बैठकें लीं। संस्थान के डेवलपमेंट डायरेक्टर निशांत बरनवाल ने जरूरतमंद लोगों से शिविर में आकर स्वास्थ्य लाभ उठाने को कहा। उन्होंने बताया कि रक्त और अन्य जांच रिपोर्ट डाक से भी मरीजों को भेजी जाएगी। इसके साथ ही अग्रोहा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से रोगियों के मुफ्त इलाज की व्यवस्था भी करवाई जाएगी। शिविर में बने कार्ड के जरिये यह संभव हो सकेगा क्योंकि वहां इन कार्डधारकों के लिए अलग से काउंटर बनाया गया है। सचिव राजेश कुमार ने कहा कि गरीबों और जरूरतमंदों के लिए यह शिविर वरदान साबित होगा।