एप डाउनलोड करें
विज्ञापन

सत्ता परिवर्तन नहीं व्यवस्था परिवर्तन जरूरी : अन्ना

Karnal Updated Sat, 06 Apr 2013 05:30 AM IST
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

करनाल। अपनी जनतंत्र यात्रा के दौरान करनाल पहुंचे समाजसेवी अन्ना हजारे ने कहा कि सत्ता परिवर्तन से कुछ भी होने वाला नहीं है। व्यवस्था परिवर्तन करना बेहद जरूरी है। अब वह समय दूर नहीं है जब देश के लोग कहेंगे ‘असली जन लोकपाल लाओ, नहीं तो जाओ।’
विज्ञापन
विज्ञापन

शुक्रवार को अन्ना हजारे अपनी जनतंत्र यात्रा के तहत निफा की ओर से आयोजित कला के महाकुंभ में नवचेतना मंच के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में करनाल के लोगों और कला के महाकुंभ में पहुंचे देश भर के 21 राज्यों के कलाकारों को संबोधित कर रहे थे। अन्ना हजारे ने निफा के माध्यम से आयोजित कला के महाकुंभ हारमनी-2013 में प्रस्तुत कार्यक्रम की सराहना की।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार कहती है कि देश की अर्थव्यवस्था मजबूत करनी है तो विदेशी कंपनियों को भारत में लाना होगा। महात्मा गांधी कहते थे कि देश की अर्थव्यवस्था बदलनी है तो गांवों की नीति बदलनी होगी। देश की 80 प्रतिशत जनता गांवों में बसती है। डीजल, पेट्रोल और भूजल समेत तमाम आवश्यक वस्तुओं के दोहन से विकास का सपना देख रहे हैं। सही मायने में यह विकास नहीं है। कभी भी विनाश हो सकता है। प्रकृति के नियमों से छेड़छाड़ होगी तो विनाश निश्चित है। उन्होंने कहा कि उन्होंने शादी नहीं की तो वे सुखी हैं। उन्होंने अपने घर की कहानी सुनाने के साथ लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया।
विज्ञापन

अन्ना भ्रष्टाचार समाप्त करने वाले सूर्य : जलानी
सूफी जलानी ने अन्ना हजारे को देश से भ्रष्टाचार समाप्त करने वाला नया सूर्य बताया। दूसरी ओर पत्रकार संतोष भारती ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अन्ना को देश भर से सिपाही और कमांडर दिए जाएं। इसके लिए सहयोग करें। देश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए अन्ना की ओर से मांगे गए नाम और पतों के लिए 102 लोगों ने मंच पर अन्ना को अपनी पर्ची भेजी। अन्ना ने अपने संबोधन में कहा कि वे इन लोगों से एक महीने के भीतर संपर्क करेंगे। कला के महाकुंभ में शामिल हुए देश भर के कलाकारों का अन्ना ने आभार जताया। निफा के अध्यक्ष प्रीतपाल सिंह पन्नू ने कलाकारों को देश से भ्रष्टाचार समाप्त करने के लिए अन्ना का सहयोग करने और देश की संस्कृति को बचाने के लिए काम करने का आह्वान किया।

ढोल के साथ शानदार स्वागत
अन्ना हजारे का समारोह में पहुंचने पर ढोल नगाडे़ बजाकर और फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया गया। एडवोकेट नरेश बराना और नवचेतना मंच के अध्यक्ष एसपी चौहान अन्ना हजारे को सम्मान के साथ लेकर मंच पर पहुंचे। इस अवसर पर निफा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रीतपाल सिंह पन्नू ने कहा कि करनाल के लोग अन्ना के आंदोलन में पहले ही पूर्ण बंद कर सहयोग कर चुके हैं। उन्होंने मंच से अन्ना को आश्वासन दिया कि राष्ट्रहित में अन्ना करनाल के लोगों से खून भी मांगेंगे तो लोग वह भी दे देंगे। देश के लोगों को असली जन लोकपाल दिलाकर ही रहेंगे।

पूर्व सैनिक सभा का आंदोलन को समर्थन
पूर्व सैनिक सभा हरियाणा ने अन्ना के आंदोलन को समर्थन देने का ऐलान किया। अध्यक्ष लखीराम आर्य ने कहा कि पूर्व सैनिकों की अनदेखी, उनके अधिकारों का शोषण, न्यायोचित पेंशन का लागू न किया जाना, 2009 और 2012 में पेंशन में की गई मामूली बढ़ोतरी के 2006 तक के एरियर को डकार जाना एवं पूर्व सैनिकों के पुनर्वास के नाम पर ठेकेदारों को लूट के लिए खुली छूट देना भ्रष्टाचार है। इस अवसर पर फैसला लिया गया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्षरत एवं जन कल्याण पर केंद्रित लोकपाल बिल को प्रस्तावित करने हेतु प्रयासरत अन्ना हजारे टीम को संघ समर्थन देगा। 14 अगस्त को शाम के समय कैंडल मार्च का आयोजन कमेटी चौक से किया जाएगा। आर्य ने कहा कि सभा राज्यभर में इंडिया अगेंस्ट करप्शन के मिशन की जनचेतना को फैलाने में सहयोग के आश्वासन को दोहराती है। चुनावों के समय सभा हर सैनिक और पूर्व सैनिक परिवार को इसके बारे में जागरूक करने का अभियान चलाएगी।
विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें