गुहला-चीका। कृषि विभाग के अतिरिक्त निदेशक के नेतृत्व में विभाग की टीम ने रविवार को दवाई विक्रेताओं व गोदामों पर छापामारी कर भारी मात्रा में अवैध रूप से रखी कीटनाशक दवाइयों का जखीरा बरामद किया है। इस कार्रवाई से दवाई विक्रेताआें में हड़कंप मच गया और दुकानदार अपनी दुकानें खुली छोड़ इधर उधर भागते नजर आए। टीम का नेतृत्व कृषि विभाग हरियाणा पंचकूला के अतिरिक्त निदेशक डॉ. देवेंद्र मलिक कर रहे थे और उनके साथ संयुक्त निदेशक गुण नियंत्रण डॉ. जेएस बराड़, डॉ. पवन कुमार शर्मा, डॉ. सुरजन दास, डॉ. जीएस ढुल, डॉ. दिनेश शर्मा, क्वालिटी कंट्रोल व एक दर्जन अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे।
अतिरिक्त कृषि निदेशक ने बताया कि चीका में नकली दवाइयों व अवैध रूप से भारी मात्रा में दवाइयों के किए गए भंडार की गुप्त सूचना पर यह कार्रवाई की गई। छापामारी के दौरान दवाई विक्रेताओं की दुकानों पर भारी मात्रा में अनियमितताएं पाई गई। कई दुकानों पर विक्रेताओं ने बिना बिल के और घटिया दर्जे की कीटनाशक दवाइयां रखी थीं। कई दवाई विक्रेताओं के गोदामों पर छापामारी के दौरान अवैध रूप से दवाइयाें का किया गया भंडार भी जब्त किया गया है। अवैध रूप से पकड़ी गई कीटनाशक दवाइयों को गोदामों से लोड कर जिला मुख्यालय पर सेव कस्टडी रूम में ले जाया गया।
कृषि विभाग एसडीओ सुरजनदास ने कहा कि छापामारी के दौरान गोदामों से बरामद की गई कीटनाशक दवाइयां उठवाकर सेव कस्टडी में भेज दी गई हैं। करीब एक दर्जन से भी अधिक अलग अलग दवाइयों के सैंपल लिए गए हैं। इनपर बैच लगाकर जांच हेतु पंचकूला स्थित प्रयोगशाला में भेज दिया गया है। सैंपल की जांच की बाद मिली रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।