करनाल। शहर मेें मंगलवार को कहीं बारिश हुई तो कहीं पूरी तरह सूखा रहा। नमी और वाष्पदाब बढ़ने से अगले 24 घंटे में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना बनी है। मौसम विभाग के विशेषज्ञों के अनुसार स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या तक कहीं न कहीं क्षेत्र में बारिश होने की उम्मीद है। सुबह करीब सात बजे शहर के मॉडल टाउन, अस्पताल चौक, अर्बन इस्टेट तथा जीटी रोड के समीप हल्की बारिश हुई। आसमान में बादल छाए रहे। बारिश के कारण पूरा दिन मौसम सुहावना बना रहा। मौसम विभाग की कई दिन पहले तक रुक-रुककर बारिश होने की भविष्यवाणी भी सही साबित हुई। विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 30.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम में नमी सुबह के समय 92 प्रतिशत और शाम के समय 23.6 प्रतिशत दर्ज की गई। हवा की स्पीड 11 किलोमीटर प्रति घंटा रही। मौसम विशेषज्ञों ने कहा बारिश के अब तक प्राप्त आंकड़ों के अनुरूप स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या तक बारिश होने की भरपूर संभावना बनी है।