पलवल। घर में घुसकर महिला की हत्या के आरोपी को सदर थाना पुलिस ने सोमवार को चांदहट से गिरफ्तार किया है। मंगलवार को अदालत में पेश कर उसकी रिमांड पर लिया जाएगा।
रविवार को पृथला निवासी प्रताप की पत्नी मंजू घर पर अकेली थी, इसी दौरान किसी व्यक्ति ने मंजू की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। हत्या के आरोपी की गिरफ्तार की मांग के लिए पृथला के लोगों ने छह घंटे तक नेशनल हाईवे को जाम किया था। सोमवार को दोपहर बाद सदर थाना प्रभारी देववृत के नेतृत्व वाली टीम ने खिरवी निवासी ज्ञानचंद को चांदहट गांव से गिरफ्तार कर लिया।
मामले की जानकारी देते हुए एसपी जगत सिंह हुड्डा ने सोमवार को सदर थाने में बताया कि ज्ञानचंद की गांव पृथला में मंजू के जेठ के घर में रिश्तेदारी है। इसी के चलते उसका पृथला आना-जाना था और किसी बात को लेकर ज्ञानचंद मंजू से रंजिश रखने लगा। एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान ज्ञानचंद ने बताया कि वह रविवार को सुबह अपने गांव से शटल द्वारा पलवल पहुंचा और यहां से पृथला पहुंच गया, वहां देखा कि मंजू घर पर अकेली थी। एसपी जगत सिंह हुड्डा ने बताया कि आरोपी ज्ञानचंद ने मंजू पर चाकू से हमलाकर कर दिया और दीवार फांदकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया है।