हथीन। मंगलवार देर रात हथीन उपमंडल में हुए सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। पुलिस ने दोनों युवकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
पलवल-हथीन मार्ग पर डंपर की टक्कर से बाइक सवार गुड़गांव निवासी जितेंद्र की मौत हो गई। जितेंद्र का हथीन शहर के मुख्य बाजार में मेडिकल स्टोर था। वह अपने जीजा अमित गोयल के साथ पलवल में उसी के मकान में रहता था। मंगलवार रात को वह अपनी दुकान बंद करने के बाद बाइक से पलवल जा रहा था। जब वह गांव मलोखड़ा के निकट पहुंचा, तभी सामने से आ रहे एक डंपर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जितेंद्र की मौके पर मौत हो गई। जिला अस्पताल में जितेंद्र के परिजनों ने बताया कि वह अपने परिवार में अकेला था। कुछ समय पहले उसके पिता की भी मौत हो गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है, पुलिस ने इस संबंध में मृतक के परिजनों की शिकायत पर डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
उधर, हथीन-उटावड़ मार्ग पर डंपर की टक्कर से बाइक सवार नांगल जाट निवासी प्रदीप व हरदेव घायल हो गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस संबंध में नांगल जाट निवासी सतपाल के बयान पर डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।