पटौदी। जन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने बुधवार को एसडीओ के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने अधिकारियों के विरोध में नारेबाजी की। कर्मचारियों का आरोप है कि विभाग उन्हें जूतों, साबुन और वर्दी के पैसे नहीं दे रहा है। कर्मचारी नेता तेजराम ने बताया कि सरकारी नियमानुसार सफाई कर्मचारियों को हर माह साबुन दिया जाना चाहिए। पिछले दो वर्षों से भी अधिक समय बीत जाने के बाद भी उन्हें साबुन का खर्चा नहीं मिल पा रहा है। इस बारे में कई बार अधिकारी से कहा लेकिन कोई कुछ करने को तैयार नहीं है। इसके कारण उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है। जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ एमसी गोयल का कहना है कि विभाग की ओर से सभी बिल उच्च अधिकारियों को भेज दिए गए हैं। जल्द ही सभी को सामान उपलब्ध कराया जाएगा। इस अवसर पर तेजराम, ताराचंद, जयलाल, राजबीर यादव, प्रेमपाल, रतन सिंह, बलबीर सिंह गोहर और सुरेंद्र यादव सहित कई कर्मचारी मौजूद थे।