नूंह/नगीना। नगीना से वाया भादस-बुखारका, बदरपुर, बाजीदपुर, शिकरावा और हथीन-पलवल रूट पर रोडवेज की बस चलाने की मांग को लेकर नगीना खंड के लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त से मिला। प्रतिनिधिमंडल में बदरपुर के पूर्व सरपंच जुहुरू, याकूब, दीना, महमूद, जफार जेलदार, आस मोहम्मद सरपंच नरियला, जैकम सरपंच शिकरावा, पहलू सरपंच वाजली कलां, मुमताज सरपंच रिठठ शामिल थे।
ग्रामीणों ने उपायुक्त को बताया कि बस सेवा नहीं होने से उन्हें बड़े शहरों में जाने में भारी दिक्कत होती है और बसें बदल-बदलकर यात्रा करनी पड़ती है। इसके कारण न केवल उनका समय बर्बाद होता है बल्कि पैसा भी ज्यादा खर्च होता है। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बस सेवा शुरू होने से मेवात और पलवल के लोगों को दिल्ली पहुंचने में आसानी होगी। उनकी बातें सुनकर उपायुक्त ने इस मसले पर जल्द से जल्द कार्रवाई करने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि पलवल डिपो के महा प्रबंधक से इस मामले पर बातचीत की जाएगी।