पलवल। जिला व सत्र न्यायालय में वकीलाें की हड़ताल नौवें दिन में पहुंच गई। अदालत परिसर में बैठने के लिए पर्याप्त जगह न मिलने से नाराज वकीलों की हड़ताल के कारण कोर्ट का कामकाज भी ठप रहा। वकीलाें का एक प्रतिनिधि मंडल मंगलवार को एक बार फिर जिला सेशन जज रामेंद्र जैन से मिला और उन्हें मांग पत्र सौंपा।
मांग पत्र में कहा गया कि जब तक नए चैंबर नहीं बन जाते तब तक वकीलों को अस्थायी रूप से कोर्ट के मुख्य गेट के सामने वाले परिसर में बैठने की इजाजत दी जाए। जिला सेशन जज ने असमर्थता जताई। इसके बाद वकील बार रूम में पहुंचे और बैठक की। आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए 20 सदस्यों की कमेटी का गठन किया गया।
जिला बार एसोसिएशन के प्रधान धर्मेंद्र तेवतिया के नेतृत्व में कमेटी काम करेगी। कमेटी में शिव नारायण तेवतिया, फतेह सिंह सौरोत, राजेंद्र सिंह बैंसला, पी.के. मित्तल, विकास डबास, अशोक आर सिंह, अजय यदुवंशी, रवींद्र पाराशर, देवेंद्र पाल डागर, रवींद्र चौहान टीटू, संजीव मंगला, अजय प्रताप सिंह, सुरेंद्र डागर, अविनाश शर्मा, संदीप शर्मा, सुभाष शर्मा, हेतराम शर्मा व कौशल मलिक शामिल है। होडल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्ण कुमार और हथीन के अध्यक्ष मौ. इलियास खां ने भी कमेटी का साथ देने का आश्वासन दिया। बैठक के बाद वकीलों ने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट की शरण लेंगे।