पलवल। जिले में नियमों को ताक पर रखकर वाहन चलाने वाले बाज नहीं आ रहे हैं। पुलिस के अभियान और बार-बार चालान के बावजूद कई लोग नियमों को ताक पर रखकर मनमानी करते हैं। एक ही दोपहिया पर तीन-तीन लोग सवार देखे जा सकते हैं। अब पुलिस ऐसे मामलों में वाहन सीज करने की तैयारी में है।
नेशनल हाईवे पर रोजाना हो रहे हादसों के मद्देनजर यातायात पुलिस ने अभियान चलाया हुआ है। ज्यादातर सख्ती नाकों के अलावा, जवाहर नगर कैंप मार्केट, न्यू कॉलोनी चौक सहित लिंक मार्गों पर की जा रही है। पिछले आठ महीने में बिना हेलमेट के 2443, बिना बेल्ट के 4089, तेज गति से वाहन चलाने के मामले में 2142, नो पार्किंग के 2734, दुपहिया वाहन पर तीन सवारी के 2392, काली फिल्म लगे 62 वाहनों के, अधिक सवारी भरने व गलत पार्किंग के लिए 1629 थ्रीव्हीलरों समेत जिले में कुल 17,263 वाहनों के चालान किए गए हैं। इन वाहनों के संचालकों से 36 लाख 13 हजार रुपये की राशि वसूल की गई।
पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, ऐसी लापरवाही बरतने वालों में सबसे ज्यादा युवा हैं, जो सेकेंड भर की भी देरी बर्दाश्त नहीं करते। एक ही बाइक पर तीन सवारों को कहीं भी आसानी से देखा जा सकता है। कई दुर्घटनाओं के पीछे जो वजह सामने आई है, वह है जल्दबाजी में तेज गति से ड्राइविंग। ट्रैफिक थाना प्रभारी ललित दलाल का कहना है कि नियमों का पालन न करने से ही दुर्घटनाएं होती हैं। उन्हें रोकने के लिए ही ऐसा अभियान चलाया गया है। पुलिस पहली बार में हिदायत के तौर पर चालान करके छोड़ देती है। दोबारा होने पर वाहन को जब्त कर लिया जाएगा।
यात्री भी अपनी आदतों से बेबस
पलवल/होडल। होेडल-पुन्हाना मार्ग पर कुछ यात्री जान जोखिम में डालकर बस की छत पर बैठ जाते हैं। जबकि कई बार इस प्रकार यात्रा करने में दुर्घटनाएं हो चुकी हैं फिर भी यात्री अपनी आदतों से बेबस हैं। इनमें सबसे ज्यादा खराब प्र्राइवेट वाहनों का हाल है। वे मनमर्जी से यात्रियों को बसों और वाहनों के अंदर ठूंस-ठूंसकर बैठा लेते हैं। यात्रियों के ज्यादा होने पर बस के ऊपर भी बैठा लेते हैं।
इस संबंध में होडल के डीएसपी वीरेंद्र सिंह से बात की तो उनका कहना था कि जिन वाहनों की छतों पर यात्री बैठे मिलेंगे, उन वाहनों के चालान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए पुलिस समय-समय पर अभियान चलाकर ऐसे वाहनों को पकड़ती है और चालान भी करती है।