पंचकूला। सेक्टर-15 स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया गया। मुख्य अतिथि अतिरिक्त उपायुक्त जगदीप सिंह ने आह्वान किया कि युवा वोट के अधिकार के प्रति लोगों को अधिक से अधिक जागरूक करें ताकि इस दिशा में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। नगराधीश एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी वंदना दिसोदिया ने कहा कि युवाओं को जोड़ने के लिए स्कूलों एवं कॉलेजों में चलाए गए अभियान के तहत 14 हजार 110 वोटर शामिल किए गए। पंचकूला की वोटर जनसंख्या तीन लाख 17 हजार 846 हो गई है। नगर परिषद के पूर्व प्रधान रविंदर रावल ने कहा कि शहर के सिर्फ 50 प्रतिशत लोग ही मतदान करते हैं। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदान के लिए हमें एक घंटा अवश्य निकालना चहिए। उन्होंने कहा कि पहला राज्यस्तरीय राष्ट्रीय मतदाता दिवस सेक्टर 15 में मनाया गया था। जिला स्तरीय मतदाता दिवस भी इसी सेक्टर में आयोजित हो रहा है। इस अवसर पर स्कूल की प्रधानाचार्या आरती, बीएस बिरला, जिला चुनाव कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारियों सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।