पंचकूला। सेना के रिटायर्ड सूबेदार का शव चंडीमंदिर कमांड एरिये से कुछ दूर एक होटल के नजदीक मिलने से सनसनी फैल गई। आसपास के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस और आर्मी के अधिकारियों को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-6 के जनरल अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया। शव की शिनाख्त हिमाचल के ऊना निवासी ज्ञान सिंह (68) के रूप में हुई। ज्ञान सिंह का परिवार हैदराबाद में रहता है।
कालका-जीरकपुर हाईवे पर चंडीकोटला गांव के पास बने एक होटल से कुछ ही दूरी पर एक वृद्ध का शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। चंडीमंदिर थाना इंचार्ज रमेश चंद्र अपने साथियों समेत मौके पर पहुंचे और वृद्ध के बारे में जानकारी हासिल की। वहीं सूचना मिलने पर आर्मी के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। इंस्पेक्टर रमेश चंद्र ने बताया कि शव की शिनाख्त ऊना निवासी ज्ञान सिंह के रूप में हुई है। वह पहले कमांड एरिये में सूबेदार के पद पर तैनात थे। उनकी पत्नी, बेटा और बेटी हैदराबाद में रहते हैं। बेटा और बेटी आईटी सेक्टर में अच्छे पद पर आसीन हैं। ज्ञान सिंह रिटायर्ड होने के बाद से पंचकूला के कमांड एरिये के पास ही रहते थे।