सोनीपत। सोनीपत-खरखौदा रोड पर बुधवार को अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं कुंडली में एक महिला को एक तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। महिला को गंभीर हालत में पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। पुलिस ने दोनों मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार जिले के गांव हरसाना निवासी जगदीश (45) पुत्र इंद्र सिंह बुधवार शाम बाजार जा रहा था। जैसे ही वह हरसाना मोड़ पर पहुंचा पीछे से आ रहे एक वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया। मौके पर मौजूद राहगीरों ने इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
उधर एनएच-1 पर कुंडली के पास एक महिला सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस एंबुलेंस की टीम ने महिला को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया ,जहां से चिकित्सकों ने उसे हालत बिगड़ते देख पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। महिला की पहचान नहीं हो पाई है।
बाक्स : ट्रेन से कटकर युवक की मौत
सोनीपत। ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया है। लाल दरवाजा निवासी दिनेश(28)पुत्र जयकिशन किसी कम से गांव सांदल कलां गया हुआ था। इस दौरान जब वह फाटक पर रेलवे ट्र्रैक पार कर रहा था तो इसी दौरान वहां से ट्रेन गुजरी जिसका दिनेश को आभास नहीं हो पाया। ट्रेन ने दिनेश को अपनी चपेट में ले लिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई।