पानीपत। शहर के साथ लगते गांव सिवाह में एक व्यक्ति की हत्या कर शव गांव के स्टेडियम में फेंक दिया। इसे लेकर इलाके में तनाव का माहौल बना रहा। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रख दिया है।
प्राप्त विवरण के अनुसार सतपाल (45 वर्षीय) उर्फ बिल्लू मेहनत मजदूरी करता था। परिजनों ने बताया कि वह सोमवार शाम को घर पर दूध लाया था और उसके बाद अपने ताऊ के घर पर चला गया। बताया जा रहा है कि वह रात 11 बजे तक वहां पर रहा। उसके बाद वह घर पर आ गया। परिजनों ने बताया कि मंगलवार सुबह उसका शव घर के नजदीक स्थित स्टेडियम में मिला। शव को देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। शव के सिर और हाथों में चोट के निशान थे। पुलिस ने शव को शव गृह में रख दिया। जहां पर पहुंचे परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया। इसके चलते पूरा दिन सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने को लेकर ऊहापोह की स्थिति बनी रहीं। परिजनों के आरोपों को देखते हुए थाना चांदनी बाग प्रभारी रामकुमार वहां पर पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस ने परिजनों को उचित कार्रवाई करने का आश्वासन देकर शांत किया।
वर्जन
सिवाह के स्टेडियम में सतपाल का शव बरामद किया है। परिजनों ने उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हत्या के मामले का जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा। रामकुमार, प्रभारी, थाना चांदनी बाग