पानीपत। जिले में डेंगू का डंक लगातार पैना होता जा रहा है। डेंगू का डंक लगने से जिले में एक महिला समेत दो की मौत हो चुकी है और करीब एक दर्जन लोग डेंगू पाजिटिव हैं। पांव पसार रही इस बीमारी की स्वास्थ्य विभाग को भनक तक नहीं लगी। डेंगू से मौत होने और लगातार पाजिटिव केस आने के बाद विभाग की सांसें फूलने लगीं हैं। अधिकारी आज भी कार्रवाई करने की बजाय दावे कर रहे हैं।
अमर उजाला ने किया था सजग
बरसाती मौसम शुरू होने से पहले अमर उजाला माई सिटी ने शहर की कई कालोनी और ग्रामीण क्षेत्र में स्थिति को देखकर डेंगू फैलने की आशंका जताई थी। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सजग किया था। स्वास्थ्य विभाग ने स्थिति को देखने के बाद डेंगू फैलने से पहले की काबू करने का दावा किया था और फोगिंग शुरू की थी। मगर स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारियों के ढुलमुल रवैये से शहर सहित गांवों में फोगिंग नहीं हो पाई। इसके परिणाम स्वरूप डेंगू फैल गया। आज इसका प्रकोप बढ़ता जा रहा है।
अब तक दो को निगल चुका डेंगू
डेंगू से जिले में अब तक एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो चुकी है। 10 अक्तूबर को नोहरा गांव में 55 वर्षीय बबली की दिल्ली के एक अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू से मौत होने के बाद कुछ प्रयास किए, लेकिन डेंगू काबू नहीं हो पाया। इसके बाद खुखराना गांव में आठवीं कक्षा के छात्र संदीप की डेंगू से मौत हो गई। उसका इलाज भी दिल्ली में चल रहा था।
जिले में पल रही है बीमारी
जिले में डेंगू पाजिटिव की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। खुखराना गांव में नैंसी और कुलदीप दोनों डेंगू पाजिटिव मिले हैं। गांव में दो के पाजिटिव मिलने पर ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। समालखा के गांव पट्टी कल्याणा में दो महिलाएं डेंगू से 10 दिन पहले पाजिटिव मिली थी। बुधवार को समालखा के गांव हथवाला में अनिल डेंगू से पाजिटिव मिला। इसके अलावा जिले के अन्य गांवों में भी डेंगू के कई संभावित मामले हैं।
इससे फैलता है डेंगू
सिविल अस्पताल के चिकित्सक डा. तरुण नारंग ने बताया कि डेंगू एजीप्टाई एडीज मच्छर के काटने से होता है। इसे ब्रेक बॉन फीवर भी बोलते हैं यानी के हड्डी तोड़ बुखार। इस बुखार से पूरे शरीर में दर्द होता है। खून के प्लेटलेट्स 30 हजार से भी कम हो जाते हैं। जो नार्मल व्यक्ति के डेढ़ से दो लाख होते हैं। डेंगू का सीधा कोई उपचार नहीं होता। जांच के बाद लक्षणों को देखकर उपचार किया जाता है।
ऐसे फैलता है
डेंगू का मच्छर साफ पानी में पैदा होता है। यह मच्छर ज्यादातर दिन के समय काटता है। यह मच्छर सफेद धारियों वाला होता है। इसके काटने के बाद व्यक्ति को शुरूआत में हल्का बुखार होता है और फिर धीरे-धीरे बढ़ता चला जाता है।
वर्जन
सीधी बात
सवाल : जिले में डेंगू फैल गया है। कई लोगों की मौत हो चुकी है?
जवाब : थर्मल और समालखा के एक दो गांव से डेंगू के पाजिटिव मामले सामने आए हैं।
सवाल : स्वास्थ्य विभाग इसमें क्या कर रहा है?
जवाब : स्वास्थ्य विभाग की टीम लोगों को जागरूक कर रही है।
सवाल : क्या जिले में फाह्यगिंग कर दी गई है?
जवाब : जिले में फोगिंग चल रही है।
सवाल : खुखराना गांव में एक बच्चे की डेंगू से मौत हो गई है। विभाग ने क्या कदम उठाए?
जवाब : विभाग इसको लेकर गंभीर है। ग्रामीणों को डेंगू के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
डा. एके गर्ग, जिला स्वास्थ्य अधिकारी पानीपत