बहादुरगढ़। मातन गांव के नजदीक से गुजर रही दुल्हेड़ा माइनर में मंगलवार को नहाने के लिए उतरे दो छात्र डूब गए। दिन भर गोताखोरों की मदद से छात्रों की तलाश में जुटी पुलिस को देर शाम एक युवक का शव घटनास्थल से करीब 800 मीटर की दूरी पर और दूसरे का शव दो किलोमीटर की दूरी पर नहर में मिल गया। छात्रों के परिजन भी दिल्ली से घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।
जानकारी के अनुसार, पीडीएम शिक्षण संस्थान में बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र विनित निवासी रिठाला (दिल्ली) और चिराग निवासी राजौरी गार्डन (दिल्ली) अपने साथियों के साथ मातन व मांडोठी के बीच से गुजर रही दुल्हेड़ा माइनर में नहाने उतरे थे। लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों छात्र उसमें बह गए। छात्रों के बाकी साथियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे मांडोठी चौकी प्रभारी विवेक और थाना सदर के प्रभारी विजय दहिया ने गोताखोरों की मदद लेकर छात्रों की तलाश शुरू की।
बताया गया है कि नहर में बहे दोनों छात्रों में से चिराग का 21 अक्तूबर को जन्म दिन था और उसने मंगलवार को अपने दोस्तों को जन्म दिन की पार्टी दी थी। बाद में चिराग और विनीत व उनके तीन अन्य दोस्त अनुराग, विकास और मनीष दुल्हेडा माइनर में नहाने पहुंचे थे। नहर में उतरने के बाद बहाव तेज होने के कारण विनित और चिराग बह गए जबकि अनुराग, विकास और मनीष किसी तरह से बाहर निकले और उन्होंने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचते ही अपने गोताखोरों की मदद से छात्रों को ढूंढना शुरू कर दिया लेकिन देर शाम गोताखोरों को दोनों छात्रों के शव ही मिल सके। छात्रों को बचाया नहीं जा सका।