पानीपत। बिजली निगम ने लोड से अधिक बिजली प्रयोग करने वालों उपभोक्ताओं, डिफाल्टर उपभोक्ताओं और कुंडी लगाकर बिजली का प्रयोग करने वालों पर नकेल कसने के लिए कमर कस ली है। निगम हर फीडर और ट्रांसफार्मर के लोड का खाका तैयार कर रहा है। खाता तैयार होने के बाद यह देखा जाएगा कि किस फीडर या ट्रांसफार्मर पर कितना लोड चल रहा है। सबसे पहले फीडर का लोड चेक किया जाएगा क्योंकि यहीं से हर क्षेत्र के ट्रांसफार्मरों पर लोड के हिसाब से बिजली की सप्लाई होती है। जिस भी फीडर पर निर्धारित लोड से अधिक बिजली पाई गई तो उसके अंडर में आने वाले ट्रांसफार्मरों के लोड की जांच की जाएगी।
फीडरों का सौ और ट्रांसफार्मरों का साठ फीसदी लोड होगा चेक
निगम अधिकारियों का दावा हैै कि उपभोक्ता का खाका तैयार करने पर जोराें से कार्य चल रहा है। इस समय जिले के सभी फीडरों का खाका तैयार हो चुका है और 60 प्रतिशत ट्रांसफार्मरों का खाका तैयार किया जा रहा है।
पहले नोटिस बाद में कार्रवाई
उपभोक्ताआें का खाका तैयार करने के दौरान लोड के हिसाब से ज्यादा बिजली प्रयोग करने वाले उपभोक्ता के खिलाफ कार्रवाई होगी। मान लो किसी उपभोक्ता ने दो किलोवाट बिजली प्रयोग करने का कनेक्शन लिया है और उसके कनेक्शन पर दो किलोवाट से अधिक लोड पाया जाता है तो ऐसे उपभोक्ता पर एक्सेस लोड के पैसे वसूल किए जाएंगे। ऐसे उपभोक्ता को पहले नोटिस दिया जाएगा उसके बाद बिल के साथ जुर्माने की राशि वसूल की जाएगी। इसके अलावा संबंधित ट्रांसफार्मर पर जितने भी डिफाल्टर उपभोक्ता पाए जाते हैं या कुंडी लगाने वाले पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
वर्जन
उपभोक्ता का खाका तैयार करने का कार्य जोरों से चल रहा है। अब तक सभी फीडरों का लेखा जोखा तैयार किया जा चुका है। ट्रांसफार्मरों का लेखा-जोखा तैयार करने का कार्य जोरों पर है। इसके बाद जहां भी निर्धारित लोड से अधिक लोड पाया जाएगा वहां के क्षेत्र की चेकिंग कार्रवाई की जाएगी।
वीके खुराना, अधीक्षक अभियंता, बिजली निगम, पानीपत