राई, (सोनीपत)। जिले के गांव बड़ौली में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले के अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दिया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव बडौली निवासी नीलम (22) की दो अप्रैल को जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत हो गई थी। नीलम के मायका पक्ष के लोगों ने उसकी दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया था।
नीलम के पिता गांव डीग, कैथल निवासी रामकला ने बताया था कि उन्होंने अपनी बेटी नीलम की शादी वर्ष 2010 में गांव बड़ौली निवासी हवा सिंह के साथ की थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही उसकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा था। उसने ससुराल पक्ष के लोगों पर उसकी बेटी को दहेज के लिए जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने रामकला की शिकायत पर नीलम के पति हवा सिंह, देवर विजेंद्र, सुरेश, पवन, ससुर फूल सिंह और सास ओमपति के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्जकर कार्रवाई करते हुए आरोपी पति हवा सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे शुक्रवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।