पानीपत। एक दिन की राहत के बाद तापमान फिर बढ़ना शुरू हो गया। पश्चिमी हवा चलने से तापमान एक डिग्री बढ़कर 44.5 डिग्री पर पहुंच गया। गर्मी ने लोगों के होश उड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। जिले में अलग-अलग जगहों पर तीन गर्मी के कारण बेहोश हो गए जिनमें एक छात्रा है। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद इन्हें घर भेज दिया।
शनिवार को थर्मल बाईपास पर धूप के कारण एक दादी-पोती बेहोश हो गई। राहगीरों की मदद से उन्हें थर्मल स्थित डिस्पेंसरी में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को घर भेज दिया गया। जींद जिले में खंड सफीदों के गांव टिटो खेड़ी निवासी कमला (65) और उसकी पोती ऋतु (15) थर्मल आवासीय कॉलोनी में अपनी लड़की की बीमारी का पता लेने के लिए आई हुई थीं। दादी-पोती दोपहर के समय वापस जाने लगी। वे दोनाें थर्मल बाई पास स्थित बस क्यू शेल्टर पर खड़ी हो गई।
वहीं पर उनको धूप में खड़े रहकर घंटों तक बस का इंतजार करना पड़ा। मगर वे गर्मी सहन नहीं कर पाई और अचानक दोनाें जमीन पर गिर पड़ी। आसपास के दुकानदारों की मदद से उन्हेें थर्मल स्थित डिस्पेंसरी ले जाया गया। दुकानदार प्रेम ने बताया कि दादी-पोती को अचानक बेहोश देखकर सभी परेशान हो गए। दुकानदारों ने बताया कि बस क्यू शेल्टर एक साल सेे टूटा फूटा पड़ा है। परिजन सुरेश ने बताया कि अत्यधिक गर्मी होने से दोनों ही बेहोश हो गई। स्थानीय निवासी रमेश, ऋषिपाल, मदनलाल, राजेेंद्र, वीरेंद्र, कमल सिंह व शमशेर ने बताया कि एक साल से बस क्यू शेल्टर टूटा हुआ है। बार-बार शिकायत करने केे बाद भी संबंधित विभागीय अधिकारी इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं।
गर्मी से आठवीं की छात्रा बेहोश
गांव जोशी के राजकीय मिडल स्कूल में तेज गर्मी के कारण आठवीं कक्षा की छात्रा निशा अचानक बेहोश हो गई। स्कूल अध्यापकों ने तुरंत डाक्टर को बुलाया दवा दी गई। कुछ समय बाद लड़की को होश आया तो उसके परिजनों के साथ घर भेज दिया। डाक्टर ने इसका कारण गरमी को बताया है। स्कूल के अध्यापक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि स्कूल के कमरों में पंखे तो लगे हैं लेकिन बिजली न आने के कारण यह पंखे शो-पीस बने हुए हैं। गांव के लोगों सुरेश कुमार, दलबीर सिंह, रमेश कुमार ने प्रशासन मांग की है कि गर्मी ज्यादा होने के कारण और स्कूल में लाइट न होने के कारण बच्चे स्कूल में बेहाल है। इसलिए स्कूल से बच्चों की छुट्टी की कर दी जानी चाहिए।
44.5 डिग्री पर पहुंचा पारा
शनिवार सुबह जैसे ही सूरज निकला वैसे ही गर्मी पड़नी शुरू हो गई। सुबह के समय खेतों में खड़े लोगों को पसीना आने लगा। दिन बढ़ने के साथ तापमान भी बढ़ने लगा। मौसम विशेषज्ञों की माने तो शनिवार को अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.0 सेल्सियस तक पहुंच गया। हवा की गति 3.6 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली। लोगों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया। दोपहर के समय सड़काें पर इक्का-दुक्का गाड़ी ही निकल सकी। तेज धूप का कहर शाम तक जारी रहा और शाम के समय सूरज ढलने के बाद भी गर्मी का असर जारी रहा।
गर्मी लगातार रहेगी जारी
मौसम विभाग करनाल कार्यालय की माने तो तापमान बढ़ने का सिलसिला अगले कई दिनों तक जारी रहेगा। गत दिनों पूर्वा हवा चलने से मौसम बदलने की संभावना थी, लेकिन फिलहाल इसके कोई आसार नहीं बन पा रहे। मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि तापमान कई दिन तक बढ़ेगा। लोगों को इससे बचने की जरूरत है। तेज गर्मी खेती की जमीन के लिए फायदेमंद है।