रेवाड़ी। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय इंटर जोनल फुटबाल प्रतियोगिता के प्रथम चरण का शुक्रवार को समापन हो गया। अहीर कालेज के मैदान में खेले गए अंतिम मैच में राजकीय कालेज गुड़गांव की टीम ने पीकेएसडी कालेज कनीना की टीम को पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया। प्रथम चरण में अव्वल रही अहीर कालेज और गुड़गांव की टीमें रोहतक में होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेंगी।
अहीर कालेज शारीरिक शिक्षा विभाग के डीपीई धीरज सांगवान ने बताया कि शुक्रवार को हुए अंतिम मैच का शुभारंभ आरबीएस कालेज के प्राचार्य एचएस यादव ने किया। राजकीय कालेज गुड़गांव की टीम ने पीकेएसडी कालेज कनीना की टीम को 2-0 से पराजित करके अगले दौर में प्रवेश किया। अहीर कालेज की टीम पहले ही अगले दौर में पहुंच चुकी है।
सांगवान ने बताया कि इंटर जोनल प्रतियोगिता में रोहतक जोन की दो विजेता टीमों से इन टीमों के लीग मैच होंगे। ये मैच 14 से 16 अक्तूबर तक खेली जाने वाली लीग प्रतियोगिता के दौरान होंगे। उसके बाद विजेता टीमों की घोषणा की जाएगी। इस मौके पर अहीर कालेज के प्राचार्य एएस यादव, वीपी यादव, सीएल यादव, डा. एलएस यादव, डा. बीएम यादव, खेल समिति सदस्य राजेंद्र कुमार प्रो. राजेश शर्मा, रेफरी चरणसिंह, हेनरी ढिल्लो, इंद्रजीत, संजय सैनी आदि उपस्थित थे।