रेवाड़ी। राष्ट्रीय राजमार्ग 71-बी को धारुहेड़ा से भिवाड़ी तक फोरलेन करने के लिए रविवार को नगर के भगत सिंह चौक से हनुमान मंदिर तक सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर बनाए गए चबूतरे और फर्श तोड़ दिए गए। ड्यूटी मजिस्ट्रेट कृष्ण कुमार यादव, नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी भारत भूषण और हाईवे के कार्यकारी अभियंता भारी पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे और जेसीबी की मदद से अतिक्रमण गिरा दिए गए। ड्यूटी मजिस्ट्रेट कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि अभियान के पहले चरण में केवल दुकानदारों व अवैध कब्जा धारकों द्वारा किया गया अतिक्रमण ही तोड़ा जाएगा। दूसरे चरण में अवैध रूप से सरकारी जमीन पर बनी दुकानों व मकानाें को तोड़ा जाएगा। इस संदर्भ मेे अवैध कब्जाधारकों को 15 दिन में अतिक्रमण हटाने का नोटिस दिया गया था। समय सीमा गुजरने के बाद दिपावली के त्यौहार के कारण अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को एक सप्ताह के लिए टाल दिया गया, लेकिन इस अवधि में अवैध कब्जाधारकों ने अतिक्रमण नहीं हटाए। इसके चलते रविवार को कार्रवाई शुरू की गई।