रोहतक। बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर 11 दिसंबर से महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं के पंचकूला कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन शुरू करेंगे। यह निर्णय बुधवार को बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारियों की बैठक में लिया गया।
बैठक में बोलते हुए बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी एसोसिएशन के आशा शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री 28 सितंबर को समझौते पर अमल करने में आनाकानी कर रहे हैं, जिससे कर्मचारियों में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन मांगों को लेकर महानिदेशक के पंचकूला कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन शुरू करेंगे। यह अनशन 11 दिसंबर से प्रतिदिन एक-एक जिले के पांच-पांच स्वास्थ्य कर्मचारी बैठेंगे अनशन मांगों पर अमल होने तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बार-बार आश्वासन देने के बावजूद आरसीएच कर्मचारियो को नियमित करने की नीति बनाने, वेतन विसंगति दूर करके पंजाब सरकार के समान वेतनमान देने, महिला एमपीएचडब्लू की पदोन्नति सूची जारी करने, नए पदोन्नत बनाने, राज्य में आबादी के अनुसार पद सृजित करने, एमपीएचडब्लू के डिप्लोमा की अवधि दो वर्ष और शैक्षणिक योग्यता दस जमा दो करने, टेलीफोन भत्ता देने सहित किसी भी मांग पर अभी तक अमल नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य कर्मी अब अपनी मागों पर आश्वासनों की बजाय ठोस कार्रवाई चाहते हैं। बैठक को महासचिव साधुराम, सचिव रानी देवी, राममेहर वर्मा ने भी संबोधित किया।