रोहतक। एमडीयू कैंपस में बिजली कर्मचारी बनकर डॉक्टर के घर में लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अपराध जांच शाखा की टीम ने इस मामले में एक आरोपी को काबू कर उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। साथ ही पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने दो साथियों के नाम भी बताए है। जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार19 नवंबर को एमडीयू कैंपस के टाइप-थ्री में रहने वाले डा. संजीव के घर पर तीन युवक बिजली कर्मचारी बनकर गए थे। उस वक्त डा. संजीव की पत्नी घर पर अकेली थी। तीनों युवकों ने महिला को जान से मारने की धमकी देते हुए मोबाइल फोन, अंगूठी और हाथों के कंगन छीनकर फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। वीरवार को अपराध जांच शाखा को उस वक्त बड़ी कामयाबी मिली जब अंबेडकर कालोनी निवासी संजय उर्फ डकैत को पुलिस ने काबू किया। पूछताछ के दौरान संजय ने पूरे मामले का पटाक्षेप करते हुए अपने दो साथियों के नाम भी बताए। पुलिस ने संजय की निशानदेही पर छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता वेद सिंह नेन ने बताया कि आरोपी को कल अदालत में पेश किया जाएगा और जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।