रोहतक। जिला निरीक्षक की विशेष टीम ने जींद में छापेमारी कर वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर पांच सदस्यों को छह मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उन्हें रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की जांच कर रही पुलिस टीम का कहना है कि जांच के बाद ही वाहन चोरी के अन्य मामलों के खुलासे होने की संभावना है।
पुलिस प्रवक्ता वेदसिंह नैन ने बताया कि निरीक्षक संदीप पूनिया को सूचना मिली थी कि गांव फरैन कलां (जींद) में कुछ युवकों के पास चोरी के वाहन हैं। ये युवक अलग-अलग स्थानों से दुपहिया वाहन चोरी करते हैं। सूचना के आधार पर निरीक्षक संदीप पूनिया के नेतृत्व में देर रात एक टीम ने जींद के गांव फरैन कलां निवासी गुरमीत को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान गुरमीत ने उसने अलग-अलग छह स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी कर गांव कर्मगढ़ निवासी सुखदेव, लोहचब निवासी बिजेंद्र, अमीरगढ़ निवासी संजय और झाबलान निवासी प्रेम को बेची थी। पुलिस गुरमीत की निशानदेही पर उक्त युवकों को गिरफ्तार कर रोहतक ले आई। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश करेगी।