भिवानी। भिवानी-महेंद्रगढ़ संसदीय क्षेत्र को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में शामिल करने की मांग को लेकर क्षेत्र की सांसद श्रुति चौधरी ने शुक्रवार को केंद्रीय शहरी विकास मंत्री कमलनाथ से मुलाकात की और क्षेत्र की मांग को पूरा करने का अनुरोध किया।
केंद्रीय मंत्री को दिए ज्ञापन में श्रुति चौधरी ने कहा कि भिवानी-महेंद्रगढ़ क्षेत्र राजस्थान, दिल्ली से सटा है और पश्चिम भारत को दिल्ली से जोड़ने के महत्वपूर्ण द्वार का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली व एनसीआर में बढ़ते आबादी के दबाव के कारण एनसीआर का फैलाव भी आवश्यक हो गया है। ऐसे में भिवानी-महेंद्रगढ़ संसदीय क्षेत्र को, जो कि दिल्ली के साथ तीन तरफ से जुड़ा है। एनसीआर में शामिल करना वक्त की मांग है।
श्रुति चौधरी ने बताया कि उन्होंने करीब दो वर्षों से भिवानी-महेंद्रगढ़ को एनसीआर में शामिल करने की मांग उठा रखी है और इसके लिए वे छह माह पहले भी कमलनाथ से मिली थीं। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री के हस्तक्षेप के बाद एनसीआर के लिए निर्धारित कमेटी ने भिवानी-महेंद्रगढ़ क्षेत्र का सर्वे भी किया है, जिसकी रिपोर्ट भी विभाग को मिल चुकी है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने उन्हें भिवानी-महेंद्रगढ़ की जनता की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।