रोहतक। कलानौर में करेंट लगने से गार्ड की मौत पर जाम लगाने वाले 40 नामजद सहित सौ से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने छह घंटे तक रोहतक-भिवानी मार्ग पर जाम लगाए रखा था।
शनिवार सुबह करीब साढे़ सात बजे पुराने बस अड्डे के एटीएम केबिन के गार्ड कलानौर निवासी कुलदीप की करेंट लगने से मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर रोहतक-भिवानी मार्ग पर जाम लगा दिया था। पुलिस ने जाम खुलवाने के लिए मृतक के परिजनों से कई बार बात की, लेकिन वे नहीं माने। छह घंटे बाद मृतक के परिजन उचित मुआवजा दिए जाने के आश्वासन पर जाम खोलने को तैयार हुए थे। रविवार को पुलिस ने 40 नामजद सहित सौ लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। वहीं ग्रामीणों ने बैठक कर पुलिस द्वारा मामला दर्ज करने की निंदा की। साथ ही बैठक में निर्णय लिया कि सोमवार को पुलिस अधीक्षक से मिला जाएगा। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
इनके खिलाफ मामला दर्ज
रोहतक-भिवानी मार्ग पर जाम लगाने के मामले में टोनी निवासी कलानौर, जोमबीर निवासी मोखरा, सतबीर, महाबीर, गोरा, रवि, लक्ष्मी, रावजन, पंकज, धर्मेंद्र, संदीप, राजेंद्र, प्रमानंद, अनिल, बची, सज्जन, विवेक, रोहित, अनिल, गोभा, हनी, विक्की, अनुज, सुंदर, सतबीर, भालेराम, सुभाष, नरेश, सुनील, अनूप, महेंद्र, शशी, लोथू, सिक्की, टिंकू, मुकेश, चंद्र, मुकेश और प्रवीन सहित सौ से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।