रोहतक। उपायुक्त डॉ. अमित अग्रवाल ने विजय कुमार पटवारी को सजायाफ्ता होने की वजह से सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया है। विजय कुमार के विरुद्ध गांव ककराना के शिव कुमार पुत्र समेराम ने रिश्वत लेने की शिकायत की थी। शिवकुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि उनकी दादालाही काश्त की 53 कनाल भूमि में से हलका पटवारी द्वारा इंतकाल में 2 कनाल 16 मरले जमीन कम चढ़ाई गई थी, जिसको दुरुस्त करने के लिए उसने तहसीलदार कलानौर को एक अक्तूबर, 2007 को दरखास्त दी थी, जो तहसीलदार ने पटवारी को दी। पटवारी विजय कुमार ने गिरदावर व तहसीलदार के दस्तखत करवाने के लिए एक हजार रुपये की रिश्वत मांगी। आरोपी को विजिलेंस ने पकड़ लिया। कोर्ट ने दोषी को एक साल की सजा सुनाई। इसके बाद डीसी ने नियमों के तहत रिश्वतखोर को बर्खास्त कर दिया।