लॉकडाउन की पालना कराने को लेकर जांच करते डीएसपी जितेंद्र कुमार।
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। लॉकडाउन तोड़कर मनमानी करते हुए बाहर घूमने वालों पर लगातार कार्रवाई जारी है। पुलिस ने वीरवार को 116 वाहनों का चालान करने के साथ काली फिल्म लगी फार्च्यूनर गाड़ी समेत सात को जब्त कर लिया। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से मां-बेटे समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
एसपी जश्नदीप सिंह के निर्देश पर लॉकडाउन की पालना कराने के लिए डीएसपी जितेंद्र कुमार व डॉ. रविंद्र कुमार की टीम लगातार चेकिंग अभियान चला रही है। इसी के तहत जिले भर में 116 वाहनों के चालान किए गए। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि वह सरकारी आदेशों का हर हाल में पालन करें। यह लोगों की जिंदगी से जुड़ा है। कोरोना के संक्रमण से लोग तभी तक सुरक्षित हैं, जब तक कि घरों के अंदर हैं। इस दौरान पुलिस ने कुरुक्षेत्र नंबर की एक फार्च्यूनर सहित सात वाहनों को जब्त किया। गाड़ी पर काली फिल्म लगी थी। चालक ने चिकित्सक के पास आने की बात कही, लेकिन वह कोई कागजात नहीं दिखा सका। इसके साथ ही छह अन्य वाहन जब्त किए गए। इसके अलावा बाहर निकले लोगों से उठक-बैठक कराई गई। उनको गलती मानने के बाद जाने दिया गया। पुलिस ने कुंडली क्षेत्र से दिल्ली के रहने वाले मां-बेटे को गिरफ्तार किया। दोनों कार में सवार होकर आए थे।
---
कारोना के संक्रमण को रोकने के लिए लगातार प्रयास जारी है। लोगों को खुद जागरूक होना होगा। जब वह बाहर निकलने से बचेंगे तो खुद ही इस महामारी से बच सकेंगे।
जितेंद्र कुमार, डीएसपी मुख्यालय।