सोनीपत। गांव पिनाना में बरात में आए युवकों में झगड़ा हो गया। जिसमें एक युवक के सिर में डंडे मारकर घायल कर दिया। बाद में हमलावर उसे धमकी देकर फरार हो गए। युवक को गोहाना के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव माहरा निवासी अमन ने मोहाना थाना पुलिस को बताया कि वह 17 फरवरी को गांव पिनाना में बरात में आया था। उसका दोस्त रोहित भी उसके साथ था। उनके साथ ही बरात में आए सागर व नीरज ने उसके साथ मामूली बात पर कहासुनी करते हुए झगड़ा शुरू कर दिया। उन्होंने सिर व अन्य स्थानों से डंडे से हमला कर दिया। जिससे वह नीचे गिर गया। बाद में वह उसे धमकी देकर फरार हो गए। रोहित ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसे चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार देने के बाद महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल खानपुर रेफर कर दिया। उसे वहां उपचार दिया गया। पुलिस ने अमन के बयान पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।