चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय में ठेकेदार मारपीट प्रकरण में ‘नई सुबह’ छात्र विंग कार्यकर्ताओं ने रजिस्ट्रार डॉ. मनोज सिवाच के समर्थन में प्रदर्शन कर नारेबाजी की। बाद में एसएसपी और विश्वविद्यालय के कुलपति के प्रतिनिधि के तौर पर डीन ऑफ कॉलेज प्रो. एसके गहलावत को ज्ञापन सौंपकर विवि में माहौल सुधारने की मांग की गई।
विंग के हिसार जोन प्रभारी जगदीप गोदारा के नेतृत्व में अनेक विद्यार्थी टैगोर भवन के सामने सुबह एकत्रित हुए। विद्यार्थियों ने कक्षाओं का बहिष्कार किया और जुलूस के रूप में वीसी कार्यालय की ओर कूच किया।
प्रदर्शनकारी राजकीय नेशनल कॉलेज के प्रधान दिनेश पूनिया, सोनू भादू, मुकेश कुमार, राकेश शर्मा, संदीप, अनिल, पंकज कुमार, सुभाष भाटिया, अर्जुन शेरपुरा, संजय शाहपुरिया, चंद्रमोहन, दानवीर सिद्धू, सुरेंद्र रंधावा, सोनू भाटी, विनोद जाखड़, रमेश चाहर, रामनिवास स्वामी आदि ने वीसी कार्यालय के बाहर ‘रजिस्ट्रार के खिलाफ दर्ज केस रद करो, केस रद करो’ और ‘विश्वविद्यालय का माहौल सुधारो, के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियाें की नारेबाजी सुनकर कुलपति के प्रतिनिधि के तौर पर डीन ऑफ कॉलेज प्रो. एसके गहलावत विद्यार्थियों के पास आए और ज्ञापन लिया। बाद में प्रदर्शनकारियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ सिंह को भी मांगपत्र सौंपा।
प्रदर्शकारियों ने बताया कि विश्वविद्यालय में नवनियुक्त ठेकेदार पिछले कुछ दिन से वहां का माहौल खराब कर रहे हैं। विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ठेकेदार विश्वविद्यालय में गुंडागर्दी पर उतारू हैं, जिस कारण से ही ठेकेदारों और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के बीच पिछले दिनों टकराव हुआ। ठेकेदार दबाव की राजनीति करते हुए रजिस्ट्रार डॉ. सिवाच पर झूठा मुकद्दमा दर्ज करके विश्वविद्यालय प्रशासन को ब्लैकमेल करने की कोशिश कर रहा है।