बरठीं (बिलासपुर)। झंडूता विकास खंड के अंतर्गत मलारी क्षेत्र में घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं को सप्लाई नहीं मिल रही है। करीब ढाई माह से उपभोक्ताओं को गैस सप्लाई नहीं मिली है। इसके चलते उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उपभोक्ता जगरन्नाथ शर्मा, दीना नाथ, मदन लाल, जीत राम, निर्मल सिंह, नंदलाल, हेम राज, अशोक कुमार, जोगिंद्र सिंह, लेखराम ने कहा कि विभागीय कर्मचारियों की लापरवाही का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गैस कर्मचारी भल्लू गांव तक गैस की सप्लाई लेकर आते हैं। वहीं से ही वापस चले जाते हैं। पिछले ढाई माह से यही सिलसिला जारी है। मलारी गांव में सैकड़ों गैस उपभोक्ता हैं। गैस सप्लाई नहीं मिलने की कारण से रसोई गैस सिलेंडर, चूल्हे शोपीस बन कर रह गए हैं। कई बार रसोई गैस की सप्लाई आने की सूचना मिलने पर वह सड़क किनारे खड़े हो जाते हैं। उन्हें ढाई माह से निराश होकर खाली हाथ घर लौटना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने सरकार से मांग की है कि कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
उधर, गैस एजेंसी प्रभारी कुलदीप चंद ने बताया कि गैस उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। कई बार गाड़ियों की देरी के कारण उपभोक्ताओं तक गैस सप्लाई सही समय पर नहीं पहुंच पाती है। उन्होंने कहा कि जल्द ही उपभोक्ताओं को रसोई गैस मुहैया करवाई जाएगी।