चंबा। शहर के बाजार में प्रतिबंध के बावजूद दुकानदार पटाखे बेच रहे हैं। जबकि प्रशासन ने पटाखे बेचने के लिए पुलिस ग्राउंड तय किया है। इसके अलावा दुकानदारों को बाजार में पटाखे नहीं बेचने के निर्देश दे रखे हैं। लेकिन, दुकानदार प्रशासन के निर्देशों की अवहेलना कर रहे हैं।
पुलिस के सामने दुकानदार सरेआम बाजार में पटाखे बेच रहे हैं। लेकिन, कोई भी उनके खिलाफ कार्रवाई करने की जहमत नहीं उठा रहा। दुकानदारों ने पुलिस ग्राउंड में भी अपनी दुकानें सजा रखी हैं। इसके साथ बाजार में भी पटाखों की बिक्री कर रहे हैं। जोकि किसी बड़े हादसे का कारण भी बन सकता है। बाजार में पहले भी कई आग की घटनाएं हो चुकी हैं। इसके चलते प्रशासन ने पटाखे की बिक्री शहर से बाहर करवाने का निर्णय लिया है। पिछले वर्ष चौगान में पटाखे की दुकानें लगाई गई थी। उस दौरान भी एक पटाखे की दुकान में आग लगी थी। जिसे दमकल विभाग की टीम ने समय रहते काबू कर लिया था। बाजार की दुकान में यह घटना होती है तो उसे काबू करना मुश्किल हो जाएगा। बाजार में सभी दुकानें एक-दूसरे के साथ सटी हुई हैं। ऐसे में एक छोटी सी चिंगारी पूरे बाजार को तबाह कर सकती है। लेकिन, दुकानदारों को इन सब बातों से कोई लेना देना नहीं है। उन्हें सिर्फ पैसे कमाने की मतलब है।
बाजार में पटाखे बेचने वालों पर होगी कार्रवाई : बलबीर ठाकुर
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी बलबीर ठाकुर ने बताया कि उनके ध्यान में यह मामला लाया गया है। पुलिस विभाग को कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। जो दुकानदार बाजार में पटाखे बेच रहे हैं। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।