चुवाड़ी (चंबा)। भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शांता कुमार ने कहा कि यूपीए सरकार ने अंग्रेजों से भी ज्यादा भारत में लूट की है। अंग्रेजों की तर्ज पर चलते हुए कांग्रेस ने देश को कमजोर कर दिया है। शांता कुमार भटियात विस क्षेत्र की समलेऊ पंचायत में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में पुन: भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार का सफाया होते ही भाजपा सरकार सबसे पहले विदेशों में पड़े काले धन का वापस भारत लाएगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार फिर से सत्ता में आई तो महंगाई व भ्रष्टाचार रोका जाएगा।
इससे देश फिर से सोने की चिड़िया कहलाएगा। उन्होंने बागियों को एकजुट होकर भाजपा का समर्थन देने का भी आह्वान किया। ऐसे न करने पर उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाने की साफ बात कहीं। उन्होंने कहा कि टिकट आवंटन के दौरान भूपेंद्र सिंह चौहान के साथ बात हुई थी। इस दौरान चौहान ने कहा था कि वह जिला अध्यक्ष तौर पर चंबा जिला के चुनावों की पूरी जिम्मेवारी खुद संभालेंगे, लेकिन उन्होंने यह बात नहीं मानी है।
आजाद प्रत्याशी के तौर पर चुनावी मैदान में उतर गए। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से भाजपा प्रत्याशी विक्रम जरियाल की जीत सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान भी किया। इस मौके पर भाजपा प्रत्याशी विक्रम जरियाल, नगर परिषद पंचायत चुवाड़ी की अध्यक्ष संतोष कुमारी, उप प्रधान दिव्य चक्षु, राष्ट्रीय भाजयुमो अध्यक्ष पवन खजुरिया और अन्य उपस्थित थे।