चंबा। मंगला पंचायत के डडियाड़ा गांव के लोगों को पीने के पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि पानी की सप्लाई छोड़ने के लिए जिस कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है, वे अपनी मनमर्जी से सप्लाई छोड़ता है। ऐेसे में उन्हें परेशानी होती है। कई बार तो महीने में केवल चार दिन ही सप्लाई मिली है। उन्होंने आईपीएच विभाग के अधिक्षण अभियंता से समय से पानी नहीं छोड़ने की शिकायत भी की है।
ग्रामीणों डा. केशव वर्मा, सुरेंद्र कुमार, कर्म सिंह, वचन सिंह, गाजिंद्र कुमार, हरवंश कौर, बाल किशन, राधा कुमारी, रेखा, तरूणा, रितु, शकुंतला देवी, बबलू, नीलम, राजकुमार, निधिया और बजर सिंह का कहना है कि डडियारा गांव में जो फीटर नियुक्त किया गया है, वह समय पर पानी नहीं छोड़ता है। पानी आने का समय ही नहीं पता चलता। कभी सुबह पानी नहीं आता, तो कभी शाम को पानी आता है। एक महीने में लगभग चार दिन ही पानी आता है। उन्होंने विभाग के एसई से मांग की है कि गांव में ऐसे फीटर को हटाकर उनकी समस्या का समाधान किया जाए। वहीं इस संबंध में विभाग के एसई एमडी वैद्य ने बताया कि पहले भी शिकायत आई थी, तो सप्लाई सुचारु की गई थी। यह शिकायत अभी उन्हें नहीं मिली है। वह मामले की छानबीन करके पानी की सप्लाई सुचारु करवाएंगे।