सिहुंता (चंबा)। पंचायत समोट के आधा दर्जन गांवों में पांच दिनों से पानी की पेयजल आपूर्ति प्रभावित है। इस कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। जानकारी के मुताबिक डेढ़ा, डुग्घ, डुखर हार और अन्य गांवों में पिछले पांच दिनों से पानी नहीं आ रहा है। इस कारण लोगों के नल सूखे पड़े हैं। यहां के लोग पानी की बूंद-बूंद को तरस रहे हैं।
पानी की सप्लाई ठप होने से लोगों को मीलों सफर तय कर जल पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। इससे एक हजार की आबादी प्रभावित हो रही है। स्थानीय चमन सिंह, ओंकार सिंह, काकु राम, आशा रानी, पवन कुमार, गार्ड सिंह और अमरो राम ने बताया कि पिछले कई दिनों से उनके नल सूखे पड़े हैं। बताया कि पानी नहीं मिलने से उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि शीघ्र पानी की आपूर्ति बहाल की जाए। इस संदर्भ में आईपीएच विभाग के कनिष्ठ अभियंता रमेश शर्मा ने बताया कि जहां से पानी की सप्लाई होती है उस पाइप लाईन का रिपेयर कार्य चला हुआ है। इस कारण पानी की सप्लाई बाधित हुई है।