खैरी (चंबा)। राजकीय उच्च पाठशाला समलेऊ खैरी में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में एनएचपीसी सेवा-दो के चीफ इंजीनियर प्रवीन कुमार लंगर मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित हुए। इसके अलावा सेवा-दो के इंजीनियर पांडेय और अशोक धनवाल विशेष रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यातिथि प्रवीन कुमार ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस मौकेे पर उन्होंने फैंसी ड्रेस और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 25 हजार रुपये की राशि प्रदान की। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ स्कूल में सांस्कृतिक गतिविधियां होना जरूरी हैं। मुख्यातिथि ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से छात्रों का मनोबल बढ़ता है। समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम का आगाज सरस्वती वंदना से किया गया। इसके बाद स्कूल की छात्रा कुसुम और सहेलियों के ‘मधुवन में जो कान्हा’ और ‘रोहडू जाणा मेरी आमिए’ गीत पर प्रस्तुत नृत्य को सभी ने सराहा। इसके अलावा काजल, महिमा, कृतिका, नीलम और किरन ने ‘ढोल जगीरों दा’ पंजाबी डांस प्रस्तुत कर धमाल मचाया। इस मौके पर मुख्याध्यापक जसविंद्र कुमार ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। इस अवसर पर मुख्यातिथि ने स्कूल के मेधावी छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।