चंबा। चंबा-पठानकोट मुख्य मार्ग नैणीखड्ड के निकट केरूघार के पास भूस्खलन के कारण सुबह के समय करीब तीन घंटे तक बंद रहा। मार्ग पर काफी मलबा गिरने से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप रही। जानकारी के मुताबिक बुधवार देर रात हुई तेज बारिश के कारण हुए भूस्खलन से मार्ग बंद हो गया। इस कारण समाचार पत्र, दूध और ब्रेड की सप्लाई लेकर आ रहे वाहन सुबह तक वहीं फंसे रहे। वहीं कई बसें यहां फंस गईं। लगभग तीन घंटे बाद यह मार्ग करीब सुबह साढ़े पांच बहाल हो पाया। मार्ग बंद होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। लंबे रूट की गाड़ियों सहित समाचार पत्रों की गाड़ियां केरूघार के पास फंसी रही। चंबा में अन्य आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई भी देरी से पहुंची। विभाग ने जेसीबी लगाकर मार्ग सुबह साढ़े पांच बजे के करीब बहाल को बहाल करवाया। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता बीके शर्मा ने बताया कि मार्ग करीब तीन घंटे बंद रहा है। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। मार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही मार्ग को खोलने का कार्य शुरू कर दिया था।