भरमौर (चंबा)। तहसील मुख्यालय भरमौर के लिंक मार्गों पर पांच दिनों के बाद भी यातायात बहाल नहीं हो पाया है। भरमौर को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर भी बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू नहीं हो पाई है। इससे क्षेत्र में लोगों को मुश्किलें पेश आ रही हैं। हालांकि लोक निर्माण विभाग ने समस्त मार्गों पर जेसीबी लगाकर बर्फ हटा दी है। मार्गों पर जमी बर्फ की छोटी परत से वाहनों को ले जाने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। वाहन चालक बसों को इन मार्गों पर ले जाने का रिस्क नहीं ले रहे हैं। रात को मौसम साफ रहने की वजह से मार्गों पर मौजूद बर्फ जम जाती है और इससे सड़क पर फिसलन होने के कारण वाहनों को ले जाना खतरे से खाली नहीं है।
लोक निर्माण विभाग ने विभिन्न मार्गों पर फंसी निगम एवं निजी मालिकों की बसों को मार्ग पर मशीन से बर्फ हटाकर निकाल दिया है। अभी तक तहसील मुख्यालय तक निगम की बड़ी गाड़ी नहीं पहुंच पाई है। मार्ग पर बर्फ जमी होने के कारण कारण बड़े वाहन नहीं आ रहे हैं। भरमौर से आने जाने वाले यात्रियों को खड़ामुख से छोटी गाडि़याें का सहारा लेना पड़ रहा है। बर्फबारी होने के पांच दिनों बाद भी हड़सर-बडग्रां, भरमौर-ग्रीमा, गरोला-उल्लांसा संपर्क मार्गों पर यातायात बहाल नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों अजय कुमार, दूनी चंद, टुनी राम, कल्याण सिंह, धर्म चंद, बाबू राम, केहर सिंह, उत्तम चंद, बहादुर, केसो ने विभाग से जल्द मार्ग को बहाल करने की मांग की है।