मैहला (चंबा)। कुरांह में स्थापित कूड़ा संयंत्र को हटाने के लिए स्थानीय लोगों ने आवाज बुलंद की है। लोगों का तर्क है कि कुरांह में पूरे शहर का कूड़ा-कर्कट जलाया जाता है और इससे क्षेत्र की चार पंचायतों में प्रदूषण फैल रहा है। कूड़ा जलाने के बाद उठने वाले धुंए से लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ा रहा है। लोगों ने बताया कि कुरांह में कूड़ा संयंत्र को स्थापित किए गए पांच साल से अधिक समय हो गया है। नियमों के मुताबिक एक स्थान पर कूड़ा संयंत्र स्थापित करने के बाद उसे वहां से स्थानांतरित करना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कूड़ा संयंत्र रावी नदी के किनारे होने की वजह से नदी प्रदूषित हो रही है। मैहला के उप प्रधान मनोज जसरोटिया, किशन चंद, चंदू राम, अजय, जय कुमार, चड़ी के उप प्रधान रोशन लाल, राकेश देस राज ने बताया कि कूड़ा संयंत्र की वजह से क्षेत्र में गंदगी फैल रही है। मैहला, चड़ी, वंदला, गागला पंचायतों के गांवों में प्रदूषण फैल रहा है। लोगों को कई बीमारियों ने जकड़ लिया है। उन्होंने प्रशासन से कुरांह से कूड़ा संयंत्र हटाने की मांग की है।
उधर, नगर परिषद अध्यक्ष अनीता ठाकु र ने बताया कि नगर परिषद के कर्मचारी समय-समय पर कूड़ा संयंत्र केंद्र का निरीक्षण कर रहे हैं। इसके अलावा सफाई सुचारू रूप से की जा रही है।